आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक फालना में युवा दिवस समारोह आयोजित

“भारत केवल एक देश नहीं, एक जीवन दृष्टि है” – नारायण सिंह राजपुरोहित
फालना। आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक फालना में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर युवा दिवस हर्षोल्लास एवं प्रेरणादायी वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, आचार्यों एवं अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नारायण सिंह राजपुरोहित (प्रचार प्रमुख, प्रबंध समिति फालना), देवेंद्र पांवर, महेंद्र कुमार, श्रीमती शकुन्तला गोलेछा एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोहर रावल द्वारा मां शारदा एवं ॐ के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

मुख्य वक्ता नारायण सिंह राजपुरोहित ने स्वामी विवेकानंद के जीवन एवं विचारों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि विवेकानंद जी का संपूर्ण जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने युवाओं के चरित्र निर्माण और शिक्षा पर विशेष बल दिया तथा भारत की आध्यात्मिक परंपरा को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने में विवेकानंद जी के योगदान को रेखांकित किया।

राजपुरोहित ने बताया कि स्वामी विवेकानंद द्वारा स्थापित रामकृष्ण मिशन का उद्देश्य सेवा, शिक्षा और आध्यात्मिक जागरण रहा है। उन्होंने अपने विचारों के माध्यम से यह स्पष्ट किया कि “भारत केवल एक देश नहीं, बल्कि एक जीवन दृष्टि है”, जिसे समझना और अपनाना आज के युवाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में आचार्य पोमाराम ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं परिचय प्रस्तुत किया। इसके पश्चात विद्यालय के भैया-बहिनों ने सामूहिक रूप से देशभक्ति गीत “स्वयं अब जागकर हमको जगाना, देश है अपना” का सस्वर गायन किया, जिससे पूरा वातावरण प्रेरणामय हो गया।
समारोह के अंत में स्वामी विवेकानंद के जीवन से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता भैया-बहिनों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास एवं सेवा भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।













