नाले के पानी से घर ध्वस्त, न्याय की आस में भटक रहे जहूर अंसारी

- टुंडी
जामताड़ा ज़िले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के केन्दुआ गांव निवासी 52 वर्षीय जहूर अंसारी पिछले कई महीनों से अपने घर को बचाने के लिए गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार ने उनकी सुध नहीं ली।
जहूर अंसारी ने बताया कि उन्होंने मौजा केन्दुआ (मौजा संख्या 44, खाता संख्या 09, प्लॉट संख्या 964, रकबा 10 डिसमिल) पर कच्चे मकान का निर्माण किया था। परिवार के साथ वे यहीं रह रहे थे। इसी बीच गांव के कुछ लोगों ने उनके घर के पीछे नाला निकाल दिया, जिससे लगातार पानी का बहाव उनके मकान की नींव को कमजोर करने लगा।

पहले दीवारों में दरारें पड़ीं, फिर एक हिस्सा गिर गया। अब बाकी घर भी गिरने की कगार पर हैं। जहूर ने जब इस संबंध में अपने पड़ोसी सुजन मंडल (पिता स्व. बुधु मंडल) से नाले का पानी दूसरी ओर मोड़ने का आग्रह किया तो विवाद बढ़ गया। जहूर का आरोप है कि सुजन मंडल ने गाली-गलौज कर दी।
थक-हारकर उन्होंने पंचायत के वार्ड सदस्य, मुखिया और नारायणपुर थाना तक शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब वे मीडिया के सहारे जिला प्रशासन और जामताड़ा उपायुक्त से न्याय की मांग कर रहे हैं।
जहूर का कहना है कि गरीब और निरीह होने के कारण उनकी कोई सुन नहीं रहा। वे पूछते हैं कि जब राज्य के स्वास्थ्य मंत्री का गृह ज़िला होने के बावजूद एक आम नागरिक को इंसाफ नहीं मिल पा रहा, तो फिर विकास की बातें महज़ दिखावा ही हैं।













