पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र से जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ़ इंडिया की अहम वार्ता
रिपोर्ट : राकेश कुमार लखारा

बाड़मेर | राजस्थान
देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पत्रकार सुरक्षा कानून को प्रभावी रूप से लागू कराने की मांग को लेकर जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ़ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुराग सक्सेना ने हिमाचल प्रदेश एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल माननीय कलराज मिश्र से शिष्टाचार भेंट कर विस्तृत और सार्थक चर्चा की।
इस महत्वपूर्ण बैठक में पत्रकारों के समक्ष बढ़ती चुनौतियों, असुरक्षा, हमलों, धमकियों और फर्जी मामलों जैसे गंभीर मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। डॉ. अनुराग सक्सेना ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को सशक्त बनाए रखने के लिए पत्रकारों को मजबूत कानूनी संरक्षण देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में पत्रकार सच्चाई सामने लाने के कारण उत्पीड़न और हिंसा का सामना कर रहे हैं, जिससे निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
पूर्व राज्यपाल माननीय कलराज मिश्र ने जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ़ इंडिया की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की आधारशिला हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पत्रकार सुरक्षा कानून जैसे महत्वपूर्ण विषय को वे केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष पूरी गंभीरता और मजबूती से प्रस्तुत करेंगे।
कलराज मिश्र ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में पत्रकार सुरक्षा कानून की आवश्यकता अत्यंत प्रासंगिक है और इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने संगठन द्वारा पत्रकार हितों में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि शीघ्र ही इस दिशा में सकारात्मक और ठोस निर्णय लिए जाएंगे।
यह बैठक पत्रकार हितों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद और मजबूत हुई है।













