प्राप्त प्रशिक्षण को कार्यरूप में लागू करना ही शिविर की वास्तविक सफलता : सीबीईओ बलाई

देसूरी, 18 दिसंबर। चार दिवसीय विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह निकटवर्ती राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सारंगवास में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समापन अवसर पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी देसूरी मोहनलाल बलाई ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में अर्जित ज्ञान तभी सार्थक होगा, जब उसे विद्यालय स्तर पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जाए। प्रशिक्षण को व्यवहार में उतारना ही इस शिविर की वास्तविक सफलता है।
11 मॉड्यूल पर हुआ गहन प्रशिक्षण
सीबीईओ बलाई ने बताया कि चार दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के 11 मॉड्यूल पर विस्तार से चर्चा, विचार-विमर्श और गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों एवं संस्था प्रधानों को प्रशिक्षित किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार की आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण फ्लैगशिप गतिविधि है, इसलिए इसका प्रभावी और नियमित संचालन अत्यंत आवश्यक है।

प्रत्येक मंगलवार को होगा प्रभावी संचालन
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विजयसिंह माली ने कहा कि विद्यालयों में इस कार्यक्रम का केवल औपचारिक आयोजन न होकर, हर मंगलवार को नियमित और प्रभावी संचालन किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने अभिलेख संधारण और दस्तावेजीकरण पर विशेष जोर देते हुए आगामी त्रैमासिक कार्ययोजना की जानकारी भी साझा की।
प्रशिक्षकों और सहभागियों ने साझा किए अनुभव
समारोह का शुभारंभ सरस्वती पूजन से हुआ। इसके पश्चात दक्ष प्रशिक्षक निर्मल मकवाना ने प्रशिक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
प्रशिक्षण में सहभागी रहे जयसिंह राजपुरोहित, शैतान सिंह, नीलम देवल और कविता बड़गुर्जर ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रशिक्षण को उपयोगी और व्यवहारिक बताया। इस दौरान सीबीईओ बलाई ने सहभागियों से फीडबैक भी लिया।
उत्कृष्ट प्रशिक्षण के लिए हुआ सम्मान
उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान करने पर प्रशिक्षक लीलाधर पालीवाल, निर्मल मकवाना और तरुण गर्ग का सम्मान किया गया। संस्था प्रधान विजेंद्र सिंह ने आभार व्यक्त किया, जबकि मंच संचालन मदनलाल माली ने किया।
बड़ी संख्या में शिक्षक रहे उपस्थित
प्रशिक्षण शिविर में देसूरी ब्लॉक के संस्था प्रधानों एवं शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जीवनदास वैष्णव, राजकुमार मेघवाल, रेखा, योगिता गुर्जर सहित अनेक शिक्षक एवं संस्था प्रधान उपस्थित रहे।
समारोह का समापन प्रेरक गीत “हम होंगे कामयाब” के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
हर विद्यालय में होगा कार्यक्रम का संचालन
उल्लेखनीय है कि विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम प्रत्येक राजकीय उच्च प्राथमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय में संचालित किया जाएगा। इसके सफल और प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संस्था प्रधानों एवं शिक्षकों के क्षमता संवर्धन के उद्देश्य से इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
यह प्रशिक्षण न केवल शिक्षकों के ज्ञानवर्धन का माध्यम बना, बल्कि विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।













