कंवलियास में देवनारायण भगवान की 1114वीं जयंती की पूर्व संध्या पर भव्य बगड़ावत कथा का आयोजन

कंवलियास।
देवनारायण भगवान की 1114वीं जयंती की पूर्व संध्या पर कंवलियास स्थित देवनारायण मंदिर प्रांगण में विशाल बगड़ावत कथा का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन में प्रसिद्ध गायक कलाकार रामकरण गुर्जर, मिश्री गुर्जर, भागचंद सहित अन्य कलाकारों ने बगड़ावत कथा और भजनों की सशक्त प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में ग्रामवासी एवं आसपास के क्षेत्र से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे। भजनों और कथा के माध्यम से देवनारायण भगवान के जीवन, त्याग और शौर्य का जीवंत वर्णन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कथा का सिलसिला देर रात्रि तक चलता रहा।
प्रातः काल विधिवत आरती के पश्चात खीर का भोग लगाया गया। इसके बाद गुर्जर समाज के युवाओं द्वारा श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर देवनारायण मंदिर को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया, जिसने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला, जिसे ग्रामवासियों ने ऐतिहासिक और यादगार आयोजन बताया।















