गणतंत्र दिवस पर कोल्हर व पूर्णाडीह पंचायत सम्मानित, पंचायत भवन सुदृढ़ीकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन

गणतंत्र दिवस पर कोल्हर व पूर्णाडीह पंचायत सम्मानित
पंचायत भवन सुदृढ़ीकरण में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला प्रशस्ति पत्र
टुंडी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर धनबाद पुलिस लाइन में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जिला प्रशासन द्वारा पंचायत भवन सुदृढ़ीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों को सम्मानित किया गया। इस दौरान कोल्हर पंचायत एवं पूर्णाडीह पंचायत को उनके सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
कोल्हर पंचायत को पंचायत भवन सुदृढ़ीकरण के क्षेत्र में धनबाद जिले में द्वितीय स्थान तथा प्रखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं पूर्णाडीह पंचायत को प्रखंड स्तर पर द्वितीय स्थान देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान धनबाद उपायुक्त, उप विकास आयुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि पंचायत स्तर पर आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलती है।
इस सम्मान से कोल्हर एवं पूर्णाडीह पंचायत में हर्ष का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताते हुए भविष्य में भी विकास कार्यों को और गति देने का संकल्प लिया।














