डिग्री कॉलेज टुण्डी में शहीद दिवस का आयोजन, गांधी जी के विचारों पर हुई संगोष्ठी

- टुण्डी | झारखंड जागरण संवाददाता
डिग्री कॉलेज टुण्डी के बिरसा मुंडा सभागार में शुक्रवार को शहीद दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC), इतिहास विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं झारखंड के महान नेता विनोद बिहारी महतो के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके पश्चात IQAC एवं इतिहास विभाग द्वारा “चंपारण से राजघाट तक: महात्मा गांधी के अहिंसक प्रतिरोध की यात्रा” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत भाषण एवं विषय प्रवेश IQAC के समन्वयक एवं इतिहास विभाग के प्रो. अविनाश कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने गांधी जी के विचारों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए उनके अहिंसक संघर्ष को आज के समय में भी मार्गदर्शक बताया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय की एआईएसएच समन्वयक एवं स्नातकोत्तर इतिहास विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. तनुजा कुमारी रहीं। अपने बीज भाषण में उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने चंपारण सत्याग्रह से लेकर राजघाट तक सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए एक व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया, जिसने देश को स्वतंत्रता की दिशा दी।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार ने विद्यार्थियों से महात्मा गांधी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही देश को सही दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रानी सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. लक्ष्मी कुमारी द्वारा प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
















