डीएसटी टीम का फिल्मी अंदाज़ में ऑपरेशन, भारी मात्रा में मशीनरी जब्त
बनास नदी में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई

ब्रेकिंग न्यूज़ | जहाजपुर–भीलवाड़ा
रिपोर्ट: न्यूज़ रिपोर्टर शिवम त्रिवेदी
भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर क्षेत्र में बनास नदी में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन और अवैध परिवहन पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफिया पर करारा प्रहार किया है। इस कार्रवाई को डीएसटी (डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम) ने बेहद योजनाबद्ध और फिल्मी अंदाज़ में अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डीएसटी टीम ने खनन माफिया को चकमा देने के लिए अनोखी रणनीति अपनाई। टीम के कुछ सदस्य डम्पर में सवार होकर बनास नदी पार कर गए, जबकि दूसरी ओर पहले से स्कॉर्पियो वाहन में टीम के अन्य सदस्य तैनात थे। जैसे ही अवैध खनन में लगे वाहन और मशीनरी की पुष्टि हुई, टीम ने एक साथ कार्रवाई शुरू कर दी।

कार्रवाई के दौरान जब्त सामग्री
जहाजपुर थाना क्षेत्र में:
- 3 जेसीबी मशीन
- 3 डम्पर
- 10 ट्रैक्टर
पंडेर थाना क्षेत्र में:
- 2 जेसीबी मशीन
- 3 ट्रैक्टर
इस प्रकार कुल मिलाकर कार्रवाई में 5 जेसीबी, 3 डम्पर और 13 ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं। सभी जब्त वाहन और मशीनरी को संबंधित थानों में खड़ा करवाया गया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
खनन माफिया में मचा हड़कंप
डीएसटी की इस अचानक और सख्त कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के बाद से कई खनन स्थल खाली हो गए हैं और अवैध गतिविधियों पर फिलहाल ब्रेक लगा है।
प्रशासन का सख्त संदेश
प्रशासन की इस कार्रवाई को पर्यावरण संरक्षण और सरकारी राजस्व की सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का स्पष्ट संदेश है कि अवैध खनन, परिवहन और सरकारी नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। क्षेत्र में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है और आमजन प्रशासन की इस पहल को सकारात्मक रूप में देख रहा है।













