दिव्यांगों की पेंशन बढ़कर हुई 1425/- प्रतिमाह, दिव्यांग सेवा समिति पाली ने जताया सीएम का आभार



दिव्यांगों की पेंशन बढ़कर हुई 1425/- प्रतिमाह
दिव्यांग सेवा समिति पाली ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
जयपुर। विधानसभा में शुक्रवार को एप्रोप्रिएशन बिल पर बहस का जवाब देते हुए भजनलाल शर्मा ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
इनमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत दिव्यांग, विधवा और बुजुर्गों की पेंशन में
125 रुपए की बढ़ोतरी कर इसे 1425 रुपए प्रतिमाह करने की घोषणा शामिल है। इस फैसले से राज्य के लाखों पेंशनधारकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
भर्ती कैलेंडर पर भी बड़ी घोषणा
मुख्यमंत्री ने सरकारी विभागों में भर्ती को लेकर भी अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि पहले 1 लाख पदों के स्थान पर अब 1.25 लाख पदों पर भर्ती का कैलेंडर जारी किया जाएगा।
सरकार अपने 4 लाख भर्तियों के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान में 1.43 लाख भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं और पूर्व में 1 लाख भर्तियों का कैलेंडर जारी किया जा चुका है।
सामाजिक सुरक्षा के तहत पेंशन बढ़ाकर 1425 रुपए प्रतिमाह किए जाने पर
दिव्यांग सेवा समिति पाली ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। समिति के पदाधिकारियों ने इसे दिव्यांग, विधवा और बुजुर्ग पेंशनधारकों के लिए राहत भरा कदम बताया।

ज्ञातव्य है कि इस मांग को लेकर दिव्यांग सेवा समिति पाली का एक प्रतिनिधिमंडल
2 फरवरी को जयपुर जाकर मुख्यमंत्री से मिला था। उस समय मुख्यमंत्री ने
प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया था कि बजट में इस विषय पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।
कथनी और करनी में नहीं अंतर
विधानसभा में पेंशन बढ़ाने की घोषणा के बाद समिति पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों की पेंशन बढ़ाकर यह साबित कर दिया है कि सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर इसी तरह सकारात्मक निर्णय लिए जाते रहेंगे।
रिपोर्ट – घेवरचन्द आर्य, पाली












