देर रात चाय की केबिन में बड़ी चोरी, नगदी सहित हजारों का सामान ले उड़े चोर

भीलवाड़ा | लूनिया टाइम्स न्यूज | संवाददाता: प्रभुलाल लोहार
भीलवाड़ा शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में देर रात चोरों ने एक चाय की केबिन को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर नकदी सहित हजारों रुपये का सामान चुरा ले गए। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय सिंह पथिक नगर निवासी सोनू लोहार ने बताया कि उनकी चाय की दुकान राजीव गांधी ऑडिटोरियम के पास, भंसाली हॉस्पिटल के सामने स्थित है। पीड़ित के अनुसार 28 जनवरी 2026 की रात करीब 11:30 बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया था। इसके बाद देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें मारुति वैन से आए चोर नजर आ रहे हैं। चोरों ने बड़ी सफाई से दुकान में रखा सामान समेट लिया और फरार हो गए।

पीड़ित सोनू लोहार ने बताया कि चोरों द्वारा
- करीब 1500 रुपये नकद,
- एक गैस सिलेंडर,
- चाय की टपेली,
- लगभग 15 हजार रुपये के सिगरेट,
- 5 से 7 हजार रुपये का अन्य सामान,
- करीब 8600 रुपये का अतिरिक्त सामान,
- 3000 रुपये की बीड़ी,
- तथा लगभग 50 से 60 हजार रुपये मूल्य का अन्य सामान चोरी कर लिया गया।

इसके अलावा दुकान में रखा पर्स भी चोरी हो गया, जिसमें पैन कार्ड, आधार कार्ड, दो चेक और 780 रुपये नकद थे।
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी उसकी दुकान में 2 से 3 बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में चोरों का सुराग नहीं लग पाया है।
घटना को लेकर पीड़ित ने सुभाष नगर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है और पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय व्यापारियों में भी घटना को लेकर रोष है और उन्होंने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।













