पाली के वार्ड 37 में युवकों का उत्पात, शहर कोतवाल को ज्ञापन देकर सख्त कार्रवाई की मांग

रिपोर्ट – घेवर चंद आर्य
पाली- शहर के भीतरी क्षेत्र स्थित वार्ड संख्या 37 में सोमवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब 25–30 युवकों का समूह क्षेत्र में हंगामा करने लगा। युवकों ने पोस्टर फाड़े, वाहनों से छेड़छाड़ की और गाली-गलौज कर दहशत फैलाने का प्रयास किया। मामले को लेकर मोहल्लेवासियों ने शहर कोतवाल रविंद्र खिंची को कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देकर युवकों के विरूद्ध कार्रवाई मांग की है।
शिकायत में बताया गया कि वार्ड 37 में प्राचीन मंदिरों व धार्मिक स्थलों के साथ विभिन्न समाजों के आवासीय मोहल्ले स्थित हैं, जहां परिवार बच्चों व बुजुर्गों के साथ निवास करते हैं। क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर पूर्व में नगर निगम को ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद प्रशासन द्वारा कुछ स्थानों पर फीडिंग जोन व नॉन-फीडिंग जोन निर्धारित किए गए थे। इसी व्यवस्था से नाराज कुछ युवक समूह बनाकर क्षेत्र में पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक हाथों में वॉकी-टॉकी लिए हुए थे। उन्होंने पोस्टर फाड़े, वाहनों को नुकसान पहुंचाया और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धमकियां दीं।

वार्डवासियों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाओं से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में भय का माहौल है। उन्होंने उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से मिलकर आंदोलन का मार्ग अपनाएंगे। कोतवाली पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पाली के वार्ड 37 में 25–30 युवकों का उत्पात, पोस्टर फाड़े व वाहनों को गिराया
इस दौरान पूर्व पार्षद विकास बुबकिया के नेतृत्व में दीपक मेहता, गौतम चोपड़ा, रक्षित बोहरा, सुशील बोहरा, पंकज लोढ़ा, सुनील डड्डा, उगम लोढ़ा, रूपेश पारीक, विमल मूथा, जयप्रकाश, विकास मेहता, हर्षित धारीवाल, अंकित सकलेचा, धर्मेश खेमावत सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
रिपोर्ट – घेवरचन्द आर्य पाली













