पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बापू नगर में आत्मरक्षा प्रशिक्षण का प्रभावी आयोजन

भीलवाड़ा | राजकुमार गोयल
पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बापू नगर में पीएम श्री गतिविधियों के अंतर्गत जेंडर इक्वलिटी को बढ़ावा देने हेतु आयोजित चार सप्ताहीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन प्रभावशाली ढंग से हुआ। कार्यक्रम के अंतिम सप्ताह में भीलवाड़ा कालिका पेट्रोलिंग की कमांडो राजकुमारी चौधरी ने छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक और उपयोगी तरीकों का प्रशिक्षण दिया।
इस दौरान छात्राओं को विभिन्न विषम परिस्थितियों में संयम बनाए रखने, आत्मविश्वास से निर्णय लेने तथा दैनिक जीवन में उपलब्ध सामान्य वस्तुओं को आत्मरक्षा के साधन के रूप में उपयोग करने की तकनीकों का प्रायोगिक प्रदर्शन किया गया। प्रशिक्षण सत्र अत्यंत रोचक और प्रेरणादायी रहा, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

संस्था प्रधान श्रीमती सुनीता नानकानी ने बताया कि यह प्रशिक्षण छात्राओं को मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मनिर्भरता और सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करते हैं।
शारीरिक शिक्षक एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर की प्रभारी पुष्पा अग्रवाल ने कहा कि इस प्रशिक्षण से छात्राओं में साहस और आत्मविश्वास का संचार होगा, जिससे वे भविष्य में आने वाली किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति का सामना बेहतर ढंग से कर सकेंगी।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के व्याख्याता एम. कोड द्वारा किया गया। विद्यालय परिवार ने इस पहल को छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।













