भीलवाड़ा | इंस्टाग्राम पर फर्जी पहचान बनाकर नाबालिग को फंसाने वाला आरोपी बेंगलुरु से गिरफ्तार

- रिपोर्ट – महेश पूरी भीलवाडा
भीलवाड़ा जिले की शाहपुरा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर फर्जी पहचान बनाकर नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर अहम सफलता हासिल की है। आरोपी मुर्षिदुल इस्लाम लस्कर (20), निवासी हैलाकंडी (असम) को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बेंगलुरु से पकड़ा गया।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य और वृताधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई के सुपरविजन में थाना प्रभारी सुरेश चंद के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।
ऐसे रचा जाल
पुलिस के अनुसार 23 मार्च 2026 को एक प्रार्थी ने एसपी कार्यालय में शिकायत दी कि उसकी नाबालिग पुत्री से इंस्टाग्राम पर “आर्यन सिंह राजपूत” नाम से एक युवक ने दोस्ती की। आरोपी ने झूठी पहचान और भ्रामक जानकारी देकर युवती को मानसिक रूप से प्रभावित किया और उस पर शादी का दबाव बनाने लगा। परिजनों को संदेह होने पर जांच की गई, जिसमें आरोपी की असली पहचान सामने आई।
गंभीर धाराओं में केस दर्ज
मामले में थाना शाहपुरा में प्रकरण संख्या 86/2026 के तहत धारा 78(2) बीएनएस, धारा 66 आईटी एक्ट और POCSO Act की धारा 11/12 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी ट्रैकिंग से गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने डिजिटल ट्रैकिंग और तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर बेंगलुरु से उसे गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी सुरेश चंद, उपनिरीक्षक राजेश कुमार मीणा, कांस्टेबल हन्नी सिंह, अरविंद सिंह और सूर्यवीर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अज्ञात व्यक्तियों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।













