भीलवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1500 सीसीटीवी खंगाल कर बांग्लादेश बॉर्डर के पास किशनगंज से पकड़ा आरोपी

महेश पूरी
भीलवाड़ा। शहर में गौवंश के साथ अप्राकृतिक कृत्य करने वाले 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने बांग्लादेश बॉर्डर के पास किशनगंज (बिहार) से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने करीब 2 हजार किलोमीटर तक पीछा किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे डिटेन किया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) ने बताया कि 29 मार्च 2026 को कोतवाली थाने में शिवराज गुर्जर द्वारा दी गई रिपोर्ट में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। वीडियो में एक अज्ञात व्यक्ति गाय के साथ घिनौना कृत्य करते हुए दिखाई दे रहा था, जिससे शहर में भारी आक्रोश फैल गया था। इस पर प्रकरण संख्या 101/2026 के तहत राजस्थान गोवंशीय पशु अधिनियम 1995 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन और वृत्ताधिकारी सज्जन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 1500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपी की पहचान संभव हो सकी।
जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रेन के माध्यम से भीलवाड़ा आता था और वारदात कर वापस निकल जाता था। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों—अजमेर, जयपुर, जोधपुर, आगरा, कानपुर, प्रयागराज, आसनसोल सहित कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी के बिहार के किशनगंज की ओर जाने की सूचना मिली।
आरपीएफ और अन्य एजेंसियों के सहयोग से आरोपी को किशनगंज रेलवे स्टेशन से डिटेन किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय कुमार साहु (56) निवासी शास्त्रीनगर, थाना कदमा, जिला पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर, झारखंड) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी भीमगंज थाना क्षेत्र में इसी तरह की घटना को अंजाम दे चुका है।
पूरे ऑपरेशन में कोतवाली थाना प्रभारी शिवराज गुर्जर सहित पुलिस और साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य संभावित वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।











