मीरा-भायंदर में दौड़ी मेट्रो, ट्रैफिक से राहत की नई उम्मीद

मीरा-भायंदर में दौड़ी मेट्रो, ट्रैफिक से राहत की नई उम्मीद
7 अप्रैल 2026 | भायंदर पश्चिम | जेठमल बी. राठौड़
लंबे इंतजार के बाद मीरा-भायंदर में मेट्रो सेवा की शुरुआत हो गई है। दहिसर से काशीगांव तक पहले चरण के लोकार्पण के साथ शहर की यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना मीरा-भायंदर को मुंबई से बेहतर तरीके से जोड़ने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में हुए उद्घाटन समारोह ने इस परियोजना को खास बना दिया। ‘स्मार्ट मेट्रो 1’ कैशलेस कार्ड की शुरुआत से यात्रियों को टिकट कतारों से राहत मिलेगी और डिजिटल यात्रा को बढ़ावा मिलेगा।

मेट्रो-7 और मेट्रो-9 के कनेक्शन से लगभग 19.79 किमी का सीधा मार्ग तैयार हुआ है, जिससे अंधेरी तक का सफर अब पहले से तेज, सुविधाजनक और प्रदूषण रहित हो गया है। मेट्रो सेवा सुबह 5:50 बजे से रात 11 बजे तक संचालित होगी, जबकि पीक आवर्स में 5–6 मिनट की फ्रीक्वेंसी रखी गई है।
इसके अलावा गायमुख-दहिसर मेट्रो-10 परियोजना को जल्द शुरू करने के संकेत भी मिले हैं, जिससे भविष्य में परिवहन नेटवर्क और मजबूत होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि इस परियोजना को 2018 में मंजूरी मिली थी, 2019 में निर्माण कार्य शुरू हुआ और 2026 में पहले चरण की पूर्णता हुई। इसे प्रशासन की प्रतिबद्धता और शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

उद्घाटन समारोह में मुंबई और मीरा-भायंदर के कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें महापौर, उपमहापौर, मंत्रीगण, विधायक और मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।














