श्री चंडी धाम जालोर में तृतीय वार्षिकोत्सव की भव्य शुरुआत, विशाल भजन संध्या में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

रिपोर्ट – हनुमान सिंह बीजापुर
जालोर। श्री चंडीसा राव समाज के तत्वावधान में श्री चंडी धाम जालोर में तृतीय वार्षिकोत्सव के अवसर पर शनिवार सायं विशाल भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। मां के दरबार और मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनियों व पुष्प सज्जा से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
समाज अध्यक्ष अर्जुन सिंह साथु ने बताया कि वार्षिकोत्सव के तहत आयोजित भजन संध्या में राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक मगसिंह मांगलिया एंड पार्टी, जालोर ने एक से बढ़कर एक जोशीले व भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिन पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में झूमते रहे। भजन संध्या के दौरान नृत्य कलाकारों द्वारा देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियों के साथ भक्ति नृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान आगामी चतुर्थ पाटोत्सव को लेकर समाज के बंधुओं ने पूरे उत्साह के साथ चढ़ावे की बोलियां लगाईं। मंच संचालन करणीदानजी व मंगल सिंह ने किया। आयोजन में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए, जिससे हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी गई।
रविवार को महोत्सव के मुख्य आयोजन के तहत दिनभर धार्मिक अनुष्ठान होंगे। यजमानों द्वारा हवन में आहुतियां देकर विश्व कल्याण की कामनाएं की जाएंगी। इसके साथ ही महिलाओं के मंगल गीत, डीजे की धुन पर भक्ति नृत्य और मां की जयकारों के बीच अभिजीत मुहूर्त में मंदिर शिखर पर ध्वजारोहण किया जाएगा। महोत्सव के अंत में महाप्रसादी का आयोजन होगा।
इस भव्य आयोजन में महाराष्ट्र, गुजरात सहित अन्य राज्यों से आए प्रवासी भाई-बहनों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेकर आयोजन को यादगार बनाया।












