सरदार नगर में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया

सरदार नगर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और राष्ट्रीय भावना के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसे विद्यालय परिसर में विधिवत रूप से संपन्न कराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
समारोह की अध्यक्षता ग्राम सरपंच बालूराम जाट ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में नवनियुक्त डॉ. नीला कुमावत उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व भाजपा मंडल महामंत्री बनेड़ा शंकर कुमावत, पत्रकार परमेश्वर दमामी, समाजसेवी ओमगिरी, युवा समाजसेवी गोपाल गाडरी, सुरेश जाट, युवा भाजपा नेता शिवा माली एवं सत्यनारायण तेली मंचासीन रहे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। बच्चों की प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संविधान के महत्व को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया।
मुख्य अतिथि डॉ. नीला कुमावत ने अपने संबोधन में संविधान की गरिमा, नागरिक कर्तव्यों एवं शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। वहीं अध्यक्षीय उद्बोधन में सरपंच बालूराम जाट ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय परिवार की सराहना की।
विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का उपरना पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य अंशु वर्मा ने सभी अतिथियों, शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी को धन्यवाद दिया।
समारोह में ग्रामवासी, अभिभावक, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।














