साक्षरता की अलख जगाने जिंगल रिक्शा को सीबीईओ ने दिखाई हरी झंडी

देसूरी में साक्षरता अलख जगाने जिंगल रिक्शा रवाना
देसूरी, 26 फरवरी। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी देसूरी मोहनलाल बलाई एवं अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी देसूरी विजयसिंह माली ने साक्षरता की अलख जगाने के उद्देश्य से जिंगल रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर मोहनलाल बलाई ने कहा कि निरक्षरता एक कलंक है और साक्षरता हमारा संकल्प है। इक्कीसवीं सदी में कोई भी व्यक्ति डिजिटल रूप से निरक्षर न रहे, यह हम सबकी जिम्मेदारी है।
विजयसिंह माली ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित नव भारत साक्षरता अभियान को आमजन तक पहुंचाने के लिए आवश्यक वातावरण निर्माण में जिंगल रिक्शा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी जसाराम, सहायक प्रशासनिक अधिकारी अशोक कुमार, कनिष्ठ लेखाकार दिलीप कुमार, संदर्भ व्यक्ति रघुवीर सिंह, व्याख्याता हिम्मत मेंशन, वरिष्ठ सहायक अमित कुमार, निशांत तिवाड़ी, कनिष्ठ सहायक मोहनलाल, हरकेश मीना, कैलाश कुमार, नारायण लाल एवं मांगीलाल सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय देसूरी से रवाना होकर जिंगल रिक्शा देसूरी के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पहुंचा। वहां साक्षरता ब्लॉक समन्वयक गणपत सिंह सोलंकी एवं मदनलाल माली ने लोगों से साक्षरता अभियान से जुड़ने तथा मार्च में होने वाली साक्षरता परीक्षा में भाग लेने की अपील की। साथ ही ग्रामीणों को मोबाइल उपयोग, ऑनलाइन सेवाओं और डिजिटल माध्यम से जुड़ने की शपथ दिलाई गई।
उल्लेखनीय है कि जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी पाली ओमप्रकाश मीना के निर्देशानुसार आगामी 15 मार्च को होने वाली साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा के लिए वातावरण निर्माण के उद्देश्य से हर ब्लॉक में “उल्लास नव भारत साक्षरता” के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।











