लीलादेवी पारसमल संचेती कन्या महाविद्यालय में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन

जवाली (पाली)। लीलादेवी पारसमल संचेती कन्या महाविद्यालय, विद्यावाड़ी में स्नातक प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं के लिए हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में “फ्रेशर्स पार्टी” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत करना तथा उन्हें महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परिवेश से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के सीईओ राकेश गर्ग एवं महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) पुनीता सोनी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात सीईओ राकेश गर्ग ने स्वागत उद्बोधन देते हुए छात्राओं को शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने की प्रेरणा दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

फ्रेशर्स पार्टी के दौरान विभिन्न रोचक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। रैंप वॉक एवं प्रतिभा प्रदर्शन के बाद मिस फ्रेशर का चयन किया गया, जिसमें भावना (बी.एस.सी. प्रथम सेमेस्टर) को मिस फ्रेशर का खिताब प्रदान किया गया, वहीं झलक भाटी (बी.एस.सी. प्रथम सेमेस्टर) रनर-अप रहीं। निर्णायक की भूमिका महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) पुनीता सोनी द्वारा निभाई गई।
कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें नृत्य, संगीत एवं अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे आयोजन में उत्साह, आत्मीयता एवं उमंग का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर एडमिन ऑफिसर धीरेंद्र कुमार, कार्यक्रम संयोजक नेहल चौधरी, दीपिका मालवीय, नैनाराम गुर्जर, डॉ. अरुण कुमार सुथार, डॉ. लक्ष्मण सिंह राजपुरोहित, डॉ. खुशबू भार्गव, अनुपमा शर्मा, दीपक सिसोदिया, कैलाश कुंवर सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।













