पूर्व विधायक अमृत परमार के गृहांगण में हुए पावन पगलिए

जैनाचार्य गुरुभगवंत रत्नसेन सूरीश्वर महाराज साहेब का भव्य मंगल प्रवेश
बाली। नगर के मिती माँ आराधना भवन में जैनाचार्य गुरुभगवंत रत्नसेन सूरीश्वर महाराज साहेब के पावन प्रवचन के पश्चात एक अत्यंत मंगल एवं श्रद्धापूर्ण आयोजन सम्पन्न हुआ। प्रवचन उपरांत ईरोड़ से पधारे श्री संतोषजी मेहता ने अपने मनोगत उद्गार व्यक्त कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
इसके पश्चात वाजते-गाजते नाशिक ढोल की मधुर ध्वनि के साथ गुरुभगवंत रत्नसेन सूरीश्वर महाराज साहेब सहित आदि ठाणा का संकल्प संघ, नगर भ्रमण करते हुए बाली पहुंचे। इस पावन अवसर पर माननीय पूर्व विधायक अमृतजी परमार, श्री मदनजी कितावत, श्री रमेशभाई कितावत एवं श्री प्रविणजी कितावत (ट्रस्टी – ओसवाल श्वेतांबर मूर्तिपूजक तपागच्छ जैन संघ, बाली) के गृहांगण (धरो) में गुरुभगवंतों का मंगलमय पगलिए सम्पन्न हुआ।
गुरुभगवंतों के गृहांगण में पधारने पर संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक उल्लास से परिपूर्ण हो गया। श्रद्धालुओं द्वारा जयकारों के साथ गुरुभगवंतों का भावपूर्ण स्वागत किया गया। इस अवसर पर गुरुभगवंत रत्नसेन सूरीश्वर महाराज साहेब ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मांगलिक श्रवण कराते हुए धर्म, संयम और सदाचार का संदेश दिया।

इस पावन अवसर पर जैन समाज के अनेक श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे। सभी ने गुरुभगवंतों के दर्शन-वंदन का लाभ लेकर स्वयं को कृतार्थ महसूस किया। आयोजन के दौरान भक्ति, श्रद्धा और आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला।
















