Lifestyle & HealthNews
बालराई में उच्च रक्तचाप व मधुमेह स्क्रीनिंग को बढ़ावा, भामाशाह जैन ने औषधालय को दी लैब सामग्री
बालराई गांव में आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के तहत ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। भामाशाह सुशवानी जैन सेवा संस्थान, बालराई (हाल मुंबई) की ओर से गांव के औषधालय को उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग हेतु आवश्यक लैब सामग्री भेंट की गई। संस्थान द्वारा औषधालय को पांच हीमोग्लोबिन मीटर, एक हजार हीमोग्लोबिन स्ट्रिप, पांच डिजिटल बीपी मशीन, पांच ग्लूकोमीटर तथा छह सौ ग्लूकोमीटर स्ट्रिप उपलब्ध कराई गईं। इन उपकरणों की सहायता से अब ग्रामीणों की नियमित जांच गांव स्तर पर ही की जा सकेगी। इस अवसर पर आयुर्वेद विभाग के चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र ने भामाशाह एवं सेवा संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत निर्धारित 18 स्वास्थ्य सूचकांकों की प्राप्ति को लक्ष्य बनाकर ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समय रहते बीपी व मधुमेह जैसी बीमारियों की पहचान होने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। इस पहल से ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध होगा।















