भीलवाड़ा: 14 अप्रैल को हर्षोल्लास से मनेगी सेन जयंती, भव्य शोभायात्रा की तैयारियाँ तेज

नगर निगम टाउन हॉल से निकलेगी विशाल शोभायात्रा, शहरभर में होंगे स्वागत द्वार और सामाजिक कार्यक्रम
भीलवाड़ा विशेष रिपोर्ट – सत्यनारायण सेन गुरला
सेन क्षौरकार वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में 14 अप्रैल, मंगलवार को आराध्य देव श्री सेन जी महाराज की जयंती ‘सेन जयंती महोत्सव 2026’ के रूप में बड़े धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं।
शोभायात्रा का तय मार्ग
सोसायटी अध्यक्ष गोविंद सेन के अनुसार, शोभायात्रा नगर निगम टाउन हॉल से गाजे-बाजे के साथ प्रारंभ होगी। यह राजेंद्र मार्ग रोड, मुरली विलास, स्टेशन रोड, गोल पियाऊ चौराहा, सुभाष मार्केट, महाराणा टॉकीज रोड और गुलमंडी होते हुए मुरलीधर मंदिर परिसर स्थित श्री सेन जी महाराज मंदिर पहुंचेगी, जहां महाआरती के साथ समापन होगा।
शहर में भव्य स्वागत की तैयारी
शोभायात्रा के स्वागत के लिए मुख्य मार्गों पर आकर्षक स्वागत द्वार लगाए जाएंगे। विभिन्न सामाजिक संगठनों और प्रतिष्ठानों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा और स्वल्पाहार की व्यवस्था की जाएगी।
विविध सामाजिक और स्वास्थ्य कार्यक्रम
महोत्सव के तहत कई सेवा और जनहित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शामिल हैं:
- निःशुल्क नेत्र रोग जांच एवं ऑपरेशन शिविर
- रक्तदान शिविर
- एचबी टेस्ट, शुगर और बीपी जांच
- स्पाइरोमेट्री (फेफड़ों की जांच)

कार्यक्रम समय-सारणी:
- रक्तदान शिविर: प्रातः 10:00 बजे
- प्रतिभा सम्मान समारोह: दोपहर 2:00 बजे
- सांस्कृतिक कार्यक्रम: दोपहर 3:00 बजे
- शोभायात्रा: सायं 5:00 बजे
भोजन प्रसाद और कूपन व्यवस्था
संस्था सचिव जितेन्द्र सेन ने बताया कि राजेंद्र मार्ग स्कूल में भोजन प्रसाद की व्यवस्था की जाएगी। सुव्यवस्थित संचालन के लिए भोजन कूपन का वितरण 13 अप्रैल तक ही किया जाएगा। 14 अप्रैल को कूपन वितरित नहीं होंगे।
आयोजन में समाजजनों की सक्रिय भूमिका
महोत्सव की रूपरेखा तय करने में संस्थापक लादू लाल सेन, कोषाध्यक्ष हेमराज सेन, संयोजक राजेश सेन, संरक्षक भैरूलाल सेन, जसराज सेन सहित कई पदाधिकारियों और समाजजनों ने सक्रिय भूमिका निभाई है।
समाजजनों से अधिकाधिक भागीदारी की अपील
समिति ने समाज के सभी बंधुओं से आग्रह किया है कि वे समय रहते कूपन प्राप्त करें और अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सेन जयंती महोत्सव को सफल बनाएं।













