टुण्डी में सड़क हादसे में घायल हिरण की मौत, वन विभाग ने दर्ज किया मामला

इलाज की व्यवस्था नहीं होने से तोड़ा दम, वाहन मालिक व चालक पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
टुण्डी (धनबाद)। टुण्डी-गोविन्दपुर के अति व्यस्त मार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सड़क पार करने के दौरान एक हिरण वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा टुण्डी अलकुशा जोरिया के मुहाने के पास हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल हिरण को तत्काल प्रखंड मुख्यालय स्थित पशु चिकित्सालय ले जाया गया। हालांकि, वहां उपचार की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हिरण ने दम तोड़ दिया।
वन विभाग ने मृत हिरण का पोस्टमार्टम कराकर कुसुमाटांड़ गांव स्थित अपनी नर्सरी में दफना दिया। विभाग ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त बताया जा रहा है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, वाहन बिहार नंबर का था और टुण्डी से गोविन्दपुर की ओर जा रहा था।
सहायक वन संरक्षक ए. के. मंजूल ने बताया कि वाहन मालिक व चालक के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की रिपोर्ट सीजेएम को भी सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि हिरण संरक्षित जीवों की श्रेणी में आता है, और आरोप सिद्ध होने पर तीन से सात वर्ष तक की सजा या 25 हजार से एक लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।
वन विभाग अब वाहन मालिक और चालक की तलाश में जुट गया है।
















