जम्मू में 14वीं वैष्णोदेवी दर्शन यात्रा का समापन, साधु-संतों की उपस्थिति में हुआ कार्यक्रम

7 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा 12 अप्रैल को जम्मू में संपन्न, नशा मुक्ति व राष्ट्रहित का दिया संदेश
जम्मू। श्री वैष्णोदेवी माता मंडल मुंबई-बाली द्वारा आयोजित 14वीं श्री वैष्णोदेवी माता दर्शन यात्रा का जम्मू में साधु-संतों की निश्रा में विधिवत समापन हुआ।
मंडल के आयोजक नरेंद्र परमार ने बताया कि यह यात्रा 7 अप्रैल 2026 को बाली स्थित अमृत परमार (पूर्व विधायक) के निवास स्थान से प्रारंभ हुई थी, जिसका समापन 12 अप्रैल 2026 को जम्मू में संत प्रदीप महाराज एवं हरि ओम महाराज के सानिध्य में किया गया। उन्होंने बताया कि मंडल द्वारा वर्ष 2012 से लगातार निःशुल्क अखंड यात्रा का आयोजन किया जा रहा है और 15वीं यात्रा सितंबर में आयोजित की जाएगी। इस वर्ष की यात्रा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष को समर्पित रही।

समापन कार्यक्रम में संत प्रदीप महाराज ने समाज को नशा मुक्त बनाने में हिंदू समाज की भूमिका पर बल दिया। वहीं आयोजक नरेंद्र परमार ने “जीवन के पांच परिवर्तन” को अपनाने और राष्ट्रहित में संघ की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026 के लिए मंडल के पदाधिकारियों का चयन भी किया गया, जिसमें विजय जोशी को संयोजक तथा भलाराम देवासी और रामचंद्र राजपुरोहित को सह-संयोजक बनाया गया।
यात्रा में नरेंद्र परमार, लक्ष्मण गोगड़, भलाराम देवासी, विजय जोशी, रामचंद्र राजपुरोहित, राजेश जैन, विजय सोनी, घनश्याम टेलर, अजय पुरी, नरेश वर्मा, जगदीश देवासी, नरेश सैन, हितेश सोनी एवं प्रकाश त्रिवेदी सहित 14 सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम का समापन हर वर्ष की भांति संघ की प्रार्थना के साथ किया गया।














