टुण्डी प्रखंड में “स्कूल रूआर 2026” अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक, शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर

- टुण्डी।
टुण्डी प्रखंड सभागार में “स्कूल रूआर 2026” अभियान को सफल बनाने और “कोई बच्चा छूटे नहीं, हर बच्चा स्कूल से जुड़े” लक्ष्य को गति देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी विशाल कुमार पाण्डेय ने की, जिसमें शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्कूल प्रधानों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 5 से 18 वर्ष तक के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने और ड्रॉपआउट दर में कमी लाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत यदि कोई बच्चा तीन दिनों से अधिक समय तक स्कूल से अनुपस्थित रहता है, तो शिक्षक स्वयं उसके घर जाकर स्थिति का पता लगाएंगे और उसे पुनः स्कूल से जोड़ने का प्रयास करेंगे। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों को भी स्कूलों से जोड़ा जाएगा, ताकि प्रारंभिक स्तर से ही बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित हो सके।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि पंचायत स्तर पर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने में अग्रणी भूमिका निभाने वाले मुखियाओं को जिला स्तरीय सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिलेगा।
अभियान की सफलता के लिए जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास पर जोर दिया गया। सभी से अपील की गई कि वे मिलकर इस पहल को सफल बनाएं, ताकि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।














