गुड़ा केसर सिंह में भीषण आग पर फायर ब्रिगेड की जीत: बड़ा हादसा टला
नाडोल के पास गुड़ा केसर सिंह में आग, समय पर कार्रवाई से बची जान-माल



- रिपोर्ट – लूनिया टाइम्स संवाददाता भरत जीनगर
रानी स्टेशन: रानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नाडोल के पास स्थित गुड़ा केसर सिंह में अचानक अज्ञात कारणों से भीषण आग लगने की घटना सामने आई। यह आग मेजर सिंह पुत्र कानसिंह राजपूत के खेत क्षेत्र में लगी, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही रानी नगरपालिका का अग्निशमन वाहन तुरंत मौके पर पहुंचा और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से खेत क्षेत्र में मौजूद लकड़ियां, झाड़ियां और कांटों की बाड़ जलकर राख हो गई।

राहत की बात यह रही कि समय रहते कार्रवाई होने के कारण पास में रखा पशुओं का चारा, आसपास के मकान और पुराना सामान सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही नाडोल चौकी का पुलिस स्टाफ भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।












