दो चोरों ने मां-बेटी तथा भतीजी का गला रेताः महिला की अस्पताल में मौत
दिल दहला देने वाली घटना: दोनों बच्चियां अस्पताल में भर्ती, पहचान उजागर होने के डर से अपराधियों ने की हत्या, दोनो आरोपी युवक गिरफ्तार
जोधपुर: जिले बिलाड़ा तहसील के लाम्बा गांव में शनिवार देर रात चोरों ने महिला की गला रेतकर हत्या कर दी। चोरी करते समय दोनों बदमाशों को महिला ने पहचान लिया, जिसके बाद आरोपियों ने चाकू से महिला, उसकी एक साल की बेटी और 12 साल की भतीजी का गला काट दिया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई, दोनों बच्चियां अस्पताल में भर्ती हैं।
जानकारी के अनुसार घटना बिलाड़ा उपखंड क्षेत्र के लाम्बा गांव की है। परिवार के सभी लोग गांव में एक शादी में गए हुए थे। रात को लगभग साढ़े बारह बजे परिवार के लोगों को घर पहुंचने पर घटना का पता चला। जिसके बाद महिला और दोनों बच्चियों को तुरंत बिलाड़ा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया और दोनों बच्चियों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर हाईसेंटर रेफर कर दिया। महिला का शव बिड़ाला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने गांव के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी घर जाकर सो गए थे।
ग्रामीण एसपी धमेंद्रसिंह यादव ने बताया कि लाम्बा गांव निवासी महेंद्र का परिवार गांव में शादी में शामिल होने के लिए गया था। घर पर उसकी पत्नी अंजू (25), एक साल की बच्ची काव्या और उसकी भतीजी कुसुम (12) थी। शनिवार रात साढ़े दस बजे गांव के दो युवक अनिल (24) और साहिल (26) मकान चोरी करने घुसे। कमरे में सामान खंगाल रहे थे लगे तभी अंजू की नींद खुल गई। उसने ई मित्र संचालक अनिल को पहचान लिया।
अंजू चिल्लाने लगी तो पोल खुलने के डर से दोनों ने चाकू से अंजू का गला रेत दिया। कुसुम ने आरोपियों को मर्डर करते देख लिया और छत पर चढ़कर बचाने के लिए आवाज लगाने लगी। आरोपी छत से कुसुम को पकड़ कर लाए और चाकू से गले पर वार किए। अंजू की 1 साल की बेटी पर भी चाकू से हमला किया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पुलिस व एफएसएल टीम तुरंत मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
मृतका का “पति चलाता है ट्रक”
जानकारी के अनुसार महिला अंजू का पति महेंद्र कुमार ट्रक चलाता है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सास ने अंजु को भी साथ चलने के लिए बोला था, लेकिन अंजु ने यह कहकर मना कर दिया था कि उसकी बेटी एक साल की ही है। सर्दी का मौसम है इसलिए आप चले जाइए। अंजू की सास घर के बाहर के गेट को ताला लगाकर शादी मे शामिल होने के लिए चली गई। घर में बहू अकेली नहीं रहे इसके लिए कुसुम को भी चाची के पास सुला दिया था।
दोनो आरोपियों ने पहले की थी घर की रेकी
बताया जा रहा है कि आरोपी अनिल ई मित्र का काम करता है और वारदात से पहले उसने रेकी भी की थी। रेकी के दौरान शाम को महिला की सास को कॉल करके पेंशन चालू कराने के लिए डॉक्यूमेंट मांगे। अंजू की सास ने फोन पर कहा कि वो शादी में आई हुई है। तो युवक को यकीन हो गया कि घर में कोई नहीं है। इसलिए चोरी करना आसान रहेगा और किसी को पता नहीं चलेगा।