एनसीसी ग्रुप मुख्यालय कानपुर के कैडेटों को गणतंत्र दिवस परेड–2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सम्मान


कानपुर।
एनसीसी ग्रुप मुख्यालय कानपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पी. के. शास्त्री द्वारा गणतंत्र दिवस परेड–2026 में प्रतिभाग करने वाले चयनित कैडेटों एवं एनसीसी अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को प्रशंसा पत्र, मेडल एवं ट्रैक सूट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
गणतंत्र दिवस परेड–2026 में एनसीसी ग्रुप मुख्यालय कानपुर का प्रतिनिधित्व करने वाले सात कैडेट—सौरभ मिश्र, अदिति दास, मोo रेहान, योगेन्द्र, विशाल कश्यप, रुचि यादव एवं जयन्ती गुप्ता—को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन कैडेटों ने राष्ट्रीय स्तर पर अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ग्रुप का नाम गौरवान्वित किया।
इसके अतिरिक्त, फ्लैग एरिया प्रतियोगिता में पूरे भारत में उत्तर प्रदेश को द्वितीय स्थान दिलाने वाली टीम के प्रशिक्षक, सेकेंड ऑफिसर नीतू गौड़ को उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन एवं योगदान के लिए विशेष प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।
ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पी. के. शास्त्री ने इस अवसर पर कैडेटों एवं अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी कैडेट राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और इस प्रकार की उपलब्धियाँ युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व एवं देशसेवा के लिए प्रेरित करती हैं।






