जयनगर में झारखंड महा ब्राह्मण संघ का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन, शिक्षा व सामाजिक सुधार पर जोर

विभिन्न जिलों से जुटे सदस्य, शिक्षा को बढ़ावा देने और सामाजिक मूल्यों को बनाए रखने की अपील
धनबाद। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जयनगर गांव में रविवार सुबह 11 बजे से झारखंड महा ब्राह्मण संघ द्वारा प्रदेश स्तरीय वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में संघ के सदस्य शामिल हुए।
इस दौरान झारखंड प्रदेश अध्यक्ष शिपुजन पांडेय एवं संस्था के संस्थापक शिव कुमार पांडेय ने मीडिया से बातचीत में समाज को सही दिशा में आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जो अभिभावक शिक्षा से जुड़े हैं या सरकारी सेवा में कार्यरत हैं, उन्हें बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए और अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा की ओर प्रेरित करना चाहिए।

उन्होंने ब्राह्मण समाज में बढ़ती कुछ प्रवृत्तियों पर चिंता जताते हुए कहा कि पारंपरिक रूप से समाज मदिरा पान और मांसाहार से दूर रहा है, लेकिन वर्तमान में कुछ लोग इन आदतों की ओर बढ़ रहे हैं, जो उचित नहीं है। साथ ही अंतरराज्यीय विवाह के बढ़ते मामलों पर भी विचार व्यक्त किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि ब्राह्मण समाज शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है और समाज के लोग विभिन्न उच्च सरकारी पदों पर कार्यरत हैं, जो गौरव की बात है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समाज अन्य धर्मों के प्रति सम्मान का भाव रखता है और किसी के खिलाफ नकारात्मक विचार नहीं रखता।
सम्मेलन के माध्यम से समाज में शिक्षा के प्रसार, नैतिक मूल्यों की स्थापना और एकजुटता बनाए रखने का संदेश दिया गया।














