


टुंडी सीएचसी में बवाल
प्रभारी के खिलाफ धरने पर बैठे स्वास्थ्य कर्मी
-
सादड़ी में शरद पूर्णिमा पर होगा गरबाOctober 16, 2024
टुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा प्रभारी डॉ. श्रवण कुमार द्वारा चिकित्साकर्मियों से कथित दुर्व्यवहार और गाली-गलौज करने के आरोपों को लेकर भारी बवाल मच गया। आक्रोशित कर्मचारियों ने प्रभारी डॉ. श्रवण कुमार पर दुर्व्यवहार, गाली-गलौज तथा जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी देने का आरोप लगाया।
घटना से नाराज कर्मचारियों ने प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सीएचसी परिसर में धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों का कहना है कि इस तरह का व्यवहार लगातार हो रहा है, जिससे कार्य का माहौल प्रभावित हो रहा है।
एमपीडब्ल्यू संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुजीत कुमार और जिलाध्यक्ष ने प्रभारी डॉ. श्रवण कुमार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। उनका कहना है कि प्रभारी के कारण टुंडी सीएचसी के कर्मचारी और आम जनता दोनों त्रस्त हैं।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि फलेरिया दवा खिलाने के नाम पर बुलाकर उनसे दूसरे कार्यों के लिए दबाव बनाया जा रहा था। जब कर्मियों ने टीए-डीए की मांग की तो प्रभारी ने कथित रूप से धमकी देते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान जितेंद्र हांसदा के साथ जाति सूचक शब्दों का भी प्रयोग किए जाने का आरोप लगाया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टुंडी सीएचसी में डॉक्टर अक्सर अनुपस्थित रहते हैं और प्रभारी भी प्रखंड मुख्यालय में नहीं ठहरते। वहीं शिबू आश्रम पोखरिया के पास स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दोपहर के समय ताला लटका रहने की शिकायत भी सामने आई है।
फिलहाल कर्मचारियों का धरना जारी है और मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप की मांग की जा रही है।














