ढ़िकाणी गांव में भीषण आग, एक किलोमीटर क्षेत्र प्रभावित

महेश पूरी
रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत पिता खेड़ा के गांव ढ़िकाणी में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब एक किलोमीटर तक फैल गई, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले खेतों के किनारे सूखी घास और झाड़ियों में लगी, जिसके बाद तेज हवा के चलते तेजी से आसपास के क्षेत्रों में फैलती चली गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही समय में बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने तुरंत अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन ने मौके पर व्यवस्था संभालते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस आगजनी में खेतों में खड़ी फसल, सूखी घास और झाड़ियों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे आग वाले क्षेत्र से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना दें। फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं,











