दुदनी में ग्रामीणों की सतर्कता से बड़ा खुलासा: शराब के ठेके पर पकड़े गए 7 संदिग्ध चोर, सोना-चांदी के भारी आभूषण बरामद, नाना थाना पुलिस ने लिया कब्जे में

रिपोर्ट: डीके देवासी
दुदनी (बाली)। उपखंड बाली के दुदनी गांव में ग्रामीणों की सतर्कता से चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा हुआ है। गांव के शराब ठेके के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे कुछ लोगों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर नाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीणों की मदद से 7 संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनके पास से सोना-चांदी के आभूषणों से भरा बैग बरामद किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 जनवरी की बताई जा रही है। दिन के समय शराब के ठेके पर कुछ लोग शराब के नशे में संदिग्ध गतिविधियां करते नजर आए। उनके पास मौजूद बैग को देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ। जब उनसे पूछताछ की गई तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें मौके पर ही रोक लिया और पुलिस को कॉल कर बुलाया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी 7 आरोपी शराब के नशे में थे और प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि ये लोग शहर-शहर घूमकर चोरी किए गए सोना-चांदी के आभूषण बेचने का काम करते हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद आभूषणों को जब्त कर लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही शराब ठेके के आसपास लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपियों को अपने कब्जे में लिया।
इस संबंध में पुलिस चौकी बेड़ा एवं थाना नाना में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि आरोपियों के पास इतना अधिक सोना-चांदी कहां से आया, ये आभूषण किन-किन स्थानों से चोरी किए गए हैं और इनके पीछे कोई संगठित गिरोह तो नहीं है।
नाना थाना पुलिस ने बताया कि सभी संदिग्धों से गहन पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए चोरी के मामलों में सख्त कदम उठाने की मांग की है।













