पंचायतीराज आम चुनाव 2026 की अधिसूचना जारी, तैयारियों में जुटा प्रशासन

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव–2026 को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के जारी होते ही प्रदेशभर में चुनावी प्रक्रिया औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गई है। इसके तहत ग्राम पंचायत, पंचायत समिति एवं जिला परिषद स्तर पर जनप्रतिनिधियों के चुनाव संपन्न कराए जाएंगे ।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। संबंधित जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
अधिसूचना के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी मानी जाएगी, जिसके अंतर्गत शासकीय घोषणाओं, स्थानांतरणों और नई योजनाओं पर निर्धारित नियम लागू होंगे। निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन, नामांकन, मतदान एवं मतगणना से संबंधित प्रक्रियाओं को तय नियमों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें तथा चुनाव को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।













