MBMC बजट (2026-27) : विकास का रोडमैप या आंकड़ों का गणित? मनपा का कुल बजट 4461.85 करोड़

मीरा-भायंदर महानगरपालिका ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के संशोधित MBMC बजट और 2026-27 के मूल बजट को नवगठित स्थायी समिति के सभापति हसमुख गहलोत सहित समिति के समक्ष पेश करते हुए शहर के विकास का खाका रखा है।
महाराष्ट्र नगर निगम अधिनियम की धारा 95 के अंतर्गत प्रस्तुत इस बजट में 1439.02 करोड़ रुपये के आय-व्यय का ब्यौरा रखा गया है। दूसरी ओर मनपा आयुक्त राधा बिनोद शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि बजट की संरचना में मनपा निधि 1439.2 करोड़ रुपये,कर्ज/रोखे 445.98 करोड़ रुपये तथा शासन निधि 2576.85 करोड़ रुपये की उपलब्धता को शामिल किया गया है।

इन सभी मदों को मिलाकर मनपा का कुल MBMC बजट लगभग 4461.85 करोड़ रुपये तक पहुंचता दिखाई दे रहा है।अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि स्थायी समिति इस बजट को किस रूप में मंजूरी देती है और उसके बाद महासभा इस पर अंतिम मुहर कैसे लगाती है।हालांकि बजट के कुल आंकड़ों को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं।
गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मनपा का बजट करीब 2600 करोड़ रुपये के आसपास था,जबकि इस वर्ष कुल प्रस्तावित बजट लगभग 4460 करोड़ रुपये के करीब बताया जा रहा है। ऐसे में MBMC बजट के वास्तविक स्वरूप और वित्तीय प्रबंधन को लेकर चर्चा तेज होना स्वाभाविक है।
कुल मिलाकर,यह बजट मीरा-भायंदर के विकास की दिशा तय करेगा या फिर केवल आंकड़ों का खेल साबित होगा,इसका फैसला आने वाले दिनों में स्थायी समिति और महासभा की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
















