सांवलिया सेठ मंदिर में दान का नया रिकॉर्ड, कुल राशि पहुंची 32.87 करोड़ रुपये

- चित्तौड़गढ़।
राजस्थान के प्रसिद्ध कृष्ण धाम श्री सांवलिया सेठ मंदिर में भंडार दानपेटी की गणना का कार्य आज पांचवें एवं अंतिम चरण के साथ संपन्न हो गया।
मंदिर मंडल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 को ज्येष्ठ मास कृष्ण पक्ष चतुर्दशी पर खोली गई दानपेटियों की गणना में पंचम चरण के दौरान 33 लाख 721 रुपये की राशि प्राप्त हुई।
पांच चरणों में पूरी हुई गणना के बाद मंदिर को कुल 32 करोड़ 87 लाख 92 हजार 570 रुपये की दानराशि प्राप्त हुई है। इसमें भंडार गणना से मिले 25 करोड़ 49 लाख 10 हजार 821 रुपये तथा मनीऑर्डर, ऑनलाइन और भेंट स्वरूप प्राप्त 7 करोड़ 38 लाख 81 हजार 749 रुपये शामिल हैं।

इसके अलावा श्रद्धालुओं ने बड़ी मात्रा में स्वर्ण एवं रजत भी अर्पित किया। भंडार गणना में 725 ग्राम 550 मिलीग्राम सोना तथा 87 किलो 294 ग्राम 440 मिलीग्राम चांदी प्राप्त हुई।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, दान गणना का कार्य निर्धारित प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बने सांवलिया सेठ धाम में हर माह करोड़ों रुपये का चढ़ावा आता है।













