News

भीलवाड़ा में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, जिला कलक्टर की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न, साप्ताहिक समीक्षा में अधिकारियों को सख्त निर्देश

Narendra Kumar Regar

भीलवाड़ा में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, जिला कलक्टर की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न

भीलवाड़ा, 30 जनवरी। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर श्री जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सदस्य सचिव एवं अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग श्री खेमचन्द मीना द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान (01.01.2026 से 31.01.2026) की थीम “सीख से सुरक्षा – टेक्नोलॉजी से परिवर्तन” पर आधारित 6 सूत्रीय रणनीति प्रस्तुत की गई तथा पूर्व बैठक की अनुपालना रिपोर्ट पर चर्चा की गई।

बैठक में जिला कलक्टर ने पुर रोड पर कट बंद करने, विभिन्न क्रॉसिंग चिन्हित कर डिवाइडरों पर स्विस टाइप बोलार्ड व हेजार्ड मार्क लगाने, अनावश्यक स्पीड ब्रेकर हटाकर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने के निर्देश नगर विकास न्यास एवं नगर निगम को दिए। जिले के समस्त नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे तथा ग्रामीण एवं शहरी सड़कों पर अवैध कट बंद करने तथा ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए।

जिले की सड़कों पर स्थित 52 शराब दुकानों में से शेष 12 दुकानों का सत्यापन कर अवैध दुकानों को बंद कराने के निर्देश दिए गए। शहरी क्षेत्र के 9 ब्लैक स्पॉट तथा राष्ट्रीय राजमार्गों के 23 ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक स्थाई एवं अस्थाई सुधार कार्य कराकर उनका भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहर के चौराहों पर ट्रैफिक लाइट, जेब्रा क्रॉसिंग, लाइनिंग, सौंदर्यकरण एवं साफ-सफाई कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया।

विद्यालयों में 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों द्वारा वाहन लाने पर चालान की कार्यवाही करने एवं अभिभावकों को समझाइश देने के निर्देश दिए गए। साथ ही ट्रैफिक पार्क में विद्यार्थियों व आमजन को यातायात नियमों की जानकारी देने पर जोर दिया गया। गुड सेमेरिटन योजना के प्रचार-प्रसार हेतु व्यस्त चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पताल एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में बैनर-पोस्टर लगाने तथा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए।

पट्.क् सॉफ्टवेयर पर लंबित प्रविष्टियों के त्वरित निस्तारण, नेशनल व स्टेट हाईवे पर नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर कार्रवाई, गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर चालान, लाइसेंस निलंबन एवं निरंतर पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए। टोल प्लाजा क्षेत्र, खनिज क्षेत्र एवं भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने, हाइड्रोलिक क्रेन की व्यवस्था हेतु पुनः निविदा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।

शहर के प्रमुख चौराहों से निराश्रित पशुओं को हटाकर काऊ हाउस भेजने, अतिक्रमण हटाने, आजाद चौक सहित अन्य क्षेत्रों में अवैध ठेलों को हटाने तथा महिला सुरक्षा के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। ओवरलोड वाहनों, बिना हेलमेट व शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित

जिला कलक्टर श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) श्रीमती प्रतिभा की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों, फ्लैगशिप योजनाओं एवं विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में बिजली विभाग, नगर परिषद, कृषि, पशुपालन, सहकारिता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, पीएचईडी, चिकित्सा, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग सहित अन्य विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, अन्यथा जिम्मेदारी तय की जाएगी।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

न्यूज़ रिपोर्टर: नरेंद्र कुमार रेगर

न्यूज़ डेस्क

🌟 "सच्ची ख़बरें, आपके अपने अंदाज़ में!" 🌟 "Luniya Times News" पर हर शब्द आपके समाज, आपकी संस्कृति और आपके सपनों से जुड़ा है। हम लाते हैं आपके लिए निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित में बनी खबरें। यदि आपको हमारा प्रयास अच्छा लगे — 🙏 तो इसे साझा करें, समर्थन करें और हमारे मिशन का हिस्सा बनें। आपका सहयोग ही हमारी ताक़त है — तन, मन और धन से। 📢 "एक क्लिक से बदलें सोच, एक शेयर से फैलाएं सच!"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button