भाजपा नगर मंडल नोहर ने हर्षोल्लास से मनाया 46वां स्थापना दिवस

- नोहर
भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा नगर मंडल नोहर द्वारा स्थानीय होटल ओमकार में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर भारतमाता आश्रम के महंत योगी रामनाथ अवधूत एवं पूर्व प्रदेश मंत्री काशीराम गोदारा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए पार्टी के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला तथा उपस्थित कार्यकर्ताओं को प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक पारीक ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में संगठनात्मक मजबूती और सेवा भावना के महत्व को रेखांकित करते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
स्थापना दिवस पर उपस्थित वक्ताओं ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की विचारधारा को दोहराते हुए सुशासन और जनकल्याण के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को पुनः स्मरण कराया। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में और राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे.पी. नड्डा के संगठनात्मक मार्गदर्शन में भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राजनीतिक दल बन चुका है, जो न केवल चुनावी सफलता बल्कि सामाजिक विश्वास अर्जित करने में भी अग्रणी रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा के जिला पदाधिकारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष, मंडल कार्यकारिणी सदस्य, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधिगण, वार्ड स्तर के कार्यकर्ता तथा नगर के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ सभी कार्यकर्ताओं ने माँ भारती की सेवा और संगठन के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु सतत समर्पण का संकल्प लिया।