इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 325 का 40वां वार्षिक अधिवेशन “उल्लास” धनबाद में संपन्न

- टुण्डी
धनबाद जिले के भीतिया गोविन्दपुर स्थित बैडलाक ग्रीन्स में शनिवार देर शाम इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 325 का 40वां वार्षिक अधिवेशन “उल्लास” भव्य और गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अधिवेशन की अध्यक्षता इनर व्हील क्लब गिरिडीह की जिलाध्यक्षा रश्मि गुप्ता ने की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि इनर व्हील की राष्ट्रीय अध्यक्षा ज्योति महिपाल रहीं, जिन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं और कार्यक्रम की सराहना की।
फ्लैग मार्च और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
अधिवेशन की शुरुआत क्लब की सभी अध्यक्षाओं द्वारा आयोजित भव्य फ्लैग मार्च से हुई, जिसने कार्यक्रम को एक अनुशासित और प्रेरणादायक रूप दिया। इसके बाद जिलाध्यक्षा रश्मि गुप्ता द्वारा अपने आधिकारिक दौरे पर आधारित एक सुंदर एवं प्रभावशाली वीडियो प्रस्तुति दिखाई गई।
महिलाओं के सशक्तिकरण को समर्पित संयुक्त राष्ट्र के “ऑरेंज द वर्ल्ड” अभियान पर आधारित प्रस्तुति भी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। इस दौरान क्लब प्रेसिडेंट्स ने “हियर माई थंडर” गीत पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित सदस्यों की खूब तालियां बटोरीं।
पदाधिकारियों की प्रस्तुतियां और सराहना
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारियों, पूर्व जिलाध्यक्षों एवं पूर्व क्लब अध्यक्षों द्वारा मनोरंजक और प्रेरक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे अधिवेशन का माहौल और भी जीवंत हो गया।
राष्ट्रीय अध्यक्षा ज्योति महिपाल ने अपने संबोधन में कहा कि
“इनर व्हील क्लब गिरिडीह द्वारा की गई सभी व्यवस्थाएं अत्यंत सराहनीय हैं। जिलाध्यक्षा रश्मि गुप्ता के नेतृत्व में सभी क्लबों ने उत्कृष्ट और उल्लेखनीय कार्य किए हैं।”
उन्होंने जिलाध्यक्षा रश्मि गुप्ता के मार्गदर्शन की विशेष प्रशंसा करते हुए क्लब्स की सामाजिक गतिविधियों को अनुकरणीय बताया।

75 क्लबों की सक्रिय भागीदारी
इस वार्षिक अधिवेशन में इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 325 के लगभग 75 क्लबों की 350 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्लबों की गतिविधियों और सामाजिक कार्यों का विवरण भी प्रस्तुत किया गया।
उत्साह, सहभागिता और सकारात्मक ऊर्जा से भरे इस अधिवेशन में सभी सदस्यों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया।
प्रमुख रूप से रहे उपस्थित: इस अवसर पर मुख्य रूप से इनर व्हील गिरिडीह चैयरमैन रूबी अहमद,अमीरूदीन अहमद,सहित बड़ी संख्या में विभिन्न क्लबों के चैयरमैन, पदाधिकारी और सदस्य बहनें उपस्थित रहीं।















