क्लीन एंड ग्रीन विलेज के तहत महेन्द्रगढ़ में नालियों की सफाई के लिए निःशुल्क करचू वितरित

- सत्यनारायण सेन, गुरला
भीलवाड़ा जिले के गुरलां क्षेत्र की महेन्द्रगढ़ ग्राम पंचायत में क्लीन एंड ग्रीन विलेज अभियान के तहत नालियों में होने वाले अवरोध को हटाने के लिए एक अनोखी पहल की गई। ग्राम पंचायत के सरपंच रामधन सोमानी ने ग्रामीणों को नालियों की सफाई के लिए निःशुल्क करचू (लोहे का बड़ा चम्मच) वितरित किए।
सरपंच रामधन सोमानी ने बताया कि कई बार नालियों में कचरा और गंदगी जमा होने से पानी सड़क पर आ जाता है। ऐसे में करचू की मदद से ग्रामीण आसानी से नालियों में फंसी गंदगी को निकाल सकते हैं और पानी का प्रवाह सुचारु बना सकते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच रामधन सोमानी हमेशा गांव के विकास और सफाई को लेकर नए और अनोखे तरीके अपनाते रहते हैं। उनके प्रयासों से गांव में कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। गांव के तालाब के पास छायादार और फलदार पौधे लगाए गए हैं, वहीं चारागाह से जर्मनी के खरपतवार को भी हटाया गया है। इसके साथ ही महेन्द्रगढ़ गांव की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सरपंच रामधन सोमानी ने बताया कि इसी अभियान के तहत ग्राम पंचायत में 20 करचू नालियों की सफाई के लिए वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि गांव के हर घर में एक करचू उपलब्ध कराया जाए, ताकि नालियों में कहीं भी गंदगी या अवरोध न रहे।
उन्होंने कहा कि गांव को स्वच्छ और हरित बनाने के लिए पंचायत का नारा है – “ग्रीन एंड क्लीन विलेज”।













