जन्मदिन के उपलक्ष्य मे सेवा का संकल्प: कुमावत ने भारत न्यूज़ संस्थान को भेंट किया टेलीप्रॉम्प्टर

- भीलवाड़ा लूनिया टाईम्स न्यूज संवाददाता प्रभुलाल लोहार
महाशिवरात्रि के पावन संयोग पर आधुनिक पत्रकारिता को मजबूत करने का संदेश
महाशिवरात्रि के पावन पर्व और जन्मदिन के विशेष अवसर पर रायपुर क्षेत्र के युवा नेता, युवा मोर्चा मंडल रायपुर के मंडल अध्यक्ष एवं अमृत रिसोर्ट संचालक मुकेश कुमावत ने सेवा और सहयोग की अनूठी मिसाल पेश करते हुए भारत न्यूज़ संस्थान को आधुनिक टेलीप्रॉम्प्टर भेंट किया। यह सहयोग क्षेत्र में निष्पक्ष और प्रोफेशनल पत्रकारिता को नई मजबूती प्रदान करेगा।
भारत न्यूज़ संस्थान लंबे समय से क्षेत्र की जनता की आवाज़ को प्रमुखता से उठाते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने का कार्य करता आ रहा है। ऐसे में टेलीप्रॉम्प्टर जैसे आधुनिक उपकरण की भेंट संस्थान की तकनीकी क्षमता को और सशक्त बनाएगी। इससे समाचार वाचन अधिक प्रभावी, सटीक और व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा, जिससे दर्शकों तक खबरें और अधिक स्पष्ट रूप में पहुंचेंगी।
मुकेश कुमावत ने अपने सामाजिक सरोकारों, सक्रिय नेतृत्व और जनसेवा के कार्यों से युवाओं के बीच एक अलग पहचान बनाई है। जन्मदिन के अवसर पर किया गया यह सहयोग उनके समाज के प्रति समर्पण, सकारात्मक सोच और पत्रकारिता के प्रति सम्मान को दर्शाता है।








