देसूरी एसीबीईओ ने भादरास व जूणा विद्यालयों का शाला संबलन के तहत किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

देसूरी एसीबीईओ ने भादरास व जूणा विद्यालयों का शाला संबलन के तहत किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सादड़ी | अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी देसूरी विजयसिंह माली ने शाला संबलन कार्यक्रम के अंतर्गत निकटवर्ती राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भादरास एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जूणा का निरीक्षण कर विद्यालयों की शैक्षणिक, सहशैक्षणिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भादरास में संस्था प्रधान मुकेश कुमार सूचक ने बताया कि एसीबीईओ माली द्वारा कक्षा-कक्षों की स्थिति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) व्यवस्था, पुस्तकालय, कार्यपुस्तिकाएं एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया गया। साथ ही विद्यालय के अभिलेखों की जांच कर उनमें सुधार हेतु आवश्यक सुझाव दिए गए।

एसीबीईओ माली ने विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षण पद्धति एवं सुविधाओं को लेकर फीडबैक प्राप्त किया। इस अवसर पर संस्था प्रधान मुकेश कुमार सूचक ने आश्वस्त किया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी दिशा-निर्देशों की पूर्ण रूप से पालना सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के समय होशियार सिंह गोदारा, प्रेम सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
इसके पश्चात अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विजयसिंह माली ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जूणा का शाला संबलन के तहत निरीक्षण किया। यहां उन्होंने संस्था प्रधान स्नेहलता गोस्वामी से विद्यालय अभिलेखों, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था एवं परीक्षा संबंधी पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) की जानकारी प्राप्त की तथा परीक्षा संचालन एवं शैक्षणिक सुधारों पर चर्चा की।
इस अवसर पर विद्यालय के उप प्राचार्य जुगल किशोर बोरवाल, आशाराम मीणा, महेश, विजय सिंह राठौड़ सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
उल्लेखनीय है कि शाला संबलन कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा एक विशेष एप के माध्यम से विद्यालयों की शैक्षणिक, सहशैक्षणिक एवं भौतिक स्थिति की जांच की जाती है, ताकि विद्यालयों में गुणवत्ता सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।













