पूर्वी टुंडी के सिंगरायडीह और आसपास के गांवों में डायरिया का प्रकोप जारी

पूर्वी टुंडी में डायरिया का प्रकोप, चार मौतें
- टुंडी
धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड क्षेत्र के सिंगरायडीह गांव सहित दर्जनों आसपास के गांवों में डायरिया का प्रकोप जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बीमारी के कारण अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है।
गांव के स्वास्थ्य सहिया द्वारा जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित गांवों में पहुंची और मरीजों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से टुंडी सीएचसी अस्पताल भेजा जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग लगातार नियंत्रण के प्रयास में जुटा है, लेकिन अभी तक स्थिति पूरी तरह से काबू में नहीं आई है। ग्रामीणों को साफ-सफाई का ध्यान रखने, पानी को उबालकर पीने और ताजा खाना खाने की सलाह दी जा रही है। बासी खाने से बचने की भी चेतावनी दी गई है।
पूर्वी टुंडी अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने भी प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य प्रभारी डॉक्टर श्रवण कुमार को सुरक्षा और नियंत्रण उपायों के पालन के लिए कड़ी हिदायत दी। चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर विकास राणा ने भी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य निगरानी को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया।
इस दौरान मौके पर सुजीत कुमार, ज्वाला कुमार पासवान, सुरेश टुडू, उमेश कुमार महतो, जितेंद्र हसदा, एमपीडब्ल्यू शिबू रजक, स्वास्थ्य सहिया सुहानी मराण्डी और एएनएम नमिता राय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
















