ब्रेकिंग न्यूज: भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ सीमा पर मातृकुंडिया बांध से आज दोपहर बनास नदी में छोड़ा जाएगा पानी

भीलवाड़ा। मातृकुंडिया बांध में जलभराव की स्थिति को देखते हुए आज दोपहर 12:30 बजे बांध के गेट खोले जाएंगे। यह कार्य क्षेत्रीय विधायक अर्जुनलाल जीनगर, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में किया जाएगा। गेट खुलते ही बड़ी मात्रा में पानी बनास नदी में छोड़ा जाएगा।
प्रशासन की चेतावनी – बहाव क्षेत्र से रहें दूर, न करें कोई गतिविधि
सहायक अभियंता धीरज बेनीवाल ने आमजन से अपील की है कि बनास नदी के बहाव क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गतिविधि न करें। नदी के आस-पास सतर्कता बरतें और अनावश्यक रूप से एनिकट, पुलिया या नदी किनारे जाने से बचें।
पानी छोड़ने से पूर्व प्रशासन ने पूरी की तैयारी
मातृकुंडिया जल संसाधन विभाग द्वारा पानी छोड़ने की पूरी तैयारी कर ली गई है। निर्धारित समय से पहले सायरन बजाकर चेतावनी दी जाएगी। इस दौरान पुलिस प्रशासन, आपदा प्रबंधन और राजस्व विभाग को पूरी तरह से सतर्क रखा गया है।

सोशल मीडिया पर यह जानकारी तेजी से वायरल हो रही है। प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि किसी भी स्थिति में नदी पार करने, बहाव क्षेत्र में प्रवेश करने या पुलिया पर खड़े होने से बचें, अन्यथा जानमाल का खतरा हो सकता है।














