भायंदर में जैन पर्युषण महापर्व की शुरुआत, भगवान शंखेश्वर पार्श्वनाथ की भव्यातिभव्य आंगी के दर्शन

मुंबई भायंदर।
जैन समाज के सबसे बड़े पर्व पर्युषण महापर्व की शुरुआत भायंदर पश्चिम स्थित भगवान शंखेश्वर पार्श्वनाथ जैन देरासर संघ में भक्तिभाव और उल्लास के साथ हुई। इस अवसर पर देरासर में भगवान शंखेश्वर पार्श्वनाथ, भगवान महावीर स्वामी और आदेश्वर भगवान की भव्यातिभव्य आंगी की गई। रंग-बिरंगे पुष्पों, आभूषणों और कलात्मक सजावट से सजी आंगी इतनी मनमोहक थी कि श्रद्धालु दर्शन करते ही भाव-विभोर हो उठे।
भक्तों की उमड़ी भीड़
भायंदर पश्चिम के रत्नदीप ईदरा कॉम्प्लेक्स, 60 फुट रोड स्थित मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। दर्शन के लिए भक्त लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान हल्की-हल्की बारिश की बूंदें रिमझिम बरसती रही, जिसने माहौल को और अधिक दिव्य और शांतिमय बना दिया।
आरती और मंगल दीपक
कार्यक्रम के अंतर्गत भगवान शंखेश्वर पार्श्वनाथ की आरती बड़े श्रद्धाभाव से उतारी गई। मंगल दीपक प्रज्वलित कर वातावरण को भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर कर दिया गया।
इस आयोजन से संबंधित जानकारी पुजारी अरविंद भाई बारिया (सालपुरा वालों) ने दी। उन्होंने बताया कि पर्युषण महापर्व के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन और आराधना का आयोजन किया जाएगा।













