भीलवाड़ा पासपोर्ट ऑफिस को धमकी भरा ईमेल, इलाके में अफरा-तफरी—भारी पुलिस बल तैनात

भीलवाड़ा | लूनिया टाइम्स न्यूज
संवाददाता: Prabhulal Lohar
राजस्थान के Bhilwara शहर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब शहर स्थित Passport Seva Kendra Bhilwara को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत सतर्क हो गया और सुरक्षा के मद्देनजर पासपोर्ट ऑफिस परिसर को तत्काल खाली करवाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। इलाके में भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया तथा इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम को भी बुलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर पासपोर्ट ऑफिस परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

स्थिति को देखते हुए एहतियातन आसपास की दुकानों को भी कुछ समय के लिए बंद करवाया गया और आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी।
पुलिस के अनुसार धमकी भरे ईमेल की जांच साइबर टीम द्वारा की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही हैं।













