भूराराम देवासी हत्याकांड: 72 घंटे बाद बनी सहमति, धरना प्रदर्शन समाप्त

भूराराम देवासी हत्याकांड: 72 घंटे बाद बनी सहमति, धरना प्रदर्शन समाप्त
बाली उपखंड के सेवाडी गाँव में भूराराम देवासी हत्याकांड को लेकर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच 72 घंटे बाद चौथे दिन गुरुवार को सहमति बन गई। इस समझौते के बाद सेवाडी अस्पताल की मोर्चरी के बाहर पिछले चार दिनों से चल रहा धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
मामला तब गरमाया था जब सेवाडी गाँव के पास एक कुएं में भूराराम का शव मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और शव लेने से इनकार कर दिया था।
परिजनों और ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
- मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन
- शव का मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम
- नामजद आरोपी को हिरासत में लेना
- धरने पर बैठे किसी भी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज न करना
पुलिस प्रशासन ने इन सभी मांगों पर सहमति व्यक्त की है। अब मामले की जांच बाली पुलिस के बजाय सोजत वृताधिकारी रतन देवासी द्वारा की जाएगी। मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
वार्ता में शामिल प्रमुख लोग
वार्ता में पुलिस उपाधीक्षक पारस राम चौधरी, सोजत वृताधिकारी रतन देवासी, बाली एसडीएम दिनेश विश्नोई, राष्ट्रीय पशुपालक संघ अध्यक्ष लालसिंह देवासी, डी एन्टी समाज प्रदेश सचिव रतन कालबेलिया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष यशपाल सिंह, ओबीसी मोर्चा प्रदेश मंत्री मोहनलाल देवासी, पूर्व सरपंच नागेश देवासी, मुंडारा मंडल अध्यक्ष साकलाराम देवासी, शंकर लाल कोलीवाडा सहित मृतक के पुत्र धनपत भी मौजूद रहे।











