मां, मातृभूमि व मातृभाषा का कोई विकल्प नहीं – माली

- सादड़ी।
मां, मातृभूमि व मातृभाषा का कोई विकल्प नहीं है , अतः प्रत्येक व्यक्ति को इन पर गर्व होना चाहिए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मातृभाषा को महत्व दिया गया है। कक्षा 1व 2के विद्यार्थी गोडवाडी संदर्भ सामग्री का उपयोग करके हिंदी व अंग्रेजी से परिचित हो सके इस हेतु गोडवाडी भाषा में स्थानीय संदर्भ सामग्री विकास कार्यशाला इस दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उक्त उद्गार अतिरिक्त मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी विजय सिंह माली ने स्थानीय पीएम श्री श्री धनराज बदामिया राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सादड़ी में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बगड़ी नगर द्वारा आयोजित गोडवाडी भाषा में स्थानीय संदर्भ सामग्री विकास कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में व्यक्त किए।
माली ने कहा कि गोडवाडी समृद्ध व अपणायत भरी बोली है ,यह संवाद व साहित्य की भाषा है, इसकी प्रचुर संदर्भ सामग्री तैयार की जा सकती है।इस अवसर पर बोलते हुए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के संस्थापन अधिकारी मनोज कुमार ने शिक्षाविदों से गोडवाडी में बाल गीत, कविता, कहानियां रचना कर शिक्षण सामग्री के रुप में विकसित करने का आह्वान किया। ।उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता कार्यवाहक प्रधानाचार्य मधु कुमारी गोस्वामी ने किया।

सरस्वती पूजन से प्रारंभ हुए इस सत्र में सर्वप्रथम अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया गया। तत्पश्चात प्रधानाचार्य व शिक्षाविद् जितेंद्र सिंह राजपुरोहित ने कार्यशाला की रुपरेखा रखी।मंच संचालन प्रकाश कुमार शिशोदिया ने किया।उद्घाटन सत्र के पश्चात कार्यशाला प्रारंभ हुई। पहले दिन अतिरिक्त मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी विजय सिंह माली के निर्देशन में विशेषज्ञों ने गोडवाडी में फ्लैश कार्ड, चार्ट तैयार किए व कहानियां, कविताएं लिखी। कार्यशाला में डा अजीत सिंह,डा किरण कुमार, मोती सिंह राजपुरोहित, मदन सिंह सिंदल,प्रभुराम गरासिया,पवन सोलंकी, नारायण लाल आदि विषय विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।यह कार्यशाला 31अक्टूबर तक चलेगी।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020में प्रारंभिक शिक्षा मातृभाषा में देने पर जोर दिया गया है अतएव जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा गोडवाडी भाषा में स्थानीय संदर्भ सामग्री तैयार करवाई जा रही है ताकि आगामी वर्षों में कक्षा 1व 2को पढ़ाने वाले शिक्षक इनका शिक्षण में उपयोग कर सकें।











