रानी में ‘रानी चा राजा’ सार्वजनिक गणेशोत्सव का शुभारंभ, गाजे-बाजे संग हुई मूर्ति स्थापना

संवाददाता: भरत जीनगर, रानी स्टेशन। रानी के प्रताप बाजार में इस वर्ष भी पारंपरिक उत्साह के साथ ‘रानी चा राजा’ सार्वजनिक गणेशोत्सव की शुरुआत हुई। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और गणपति बप्पा के जयघोष के बीच गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई। यह उत्सव 11 दिनों तक चलेगा, जिसमें विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
11 दिनों तक भक्ति और सांस्कृतिक रंग में डूबेगा रानी का माहौल
सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल रानी की ओर से आयोजित इस महोत्सव में प्रतिदिन भक्तों के लिए विशेष कार्यक्रम होंगे। आयोजन समिति के अनुसार:
- 4 सितंबर को विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें भजन सम्राट अजायसिंह एंड पार्टी (बीकानेर) और प्रीति प्रिया एंड पार्टी अपने मधुर भजनों से भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। कार्यक्रम का संचालन ऋषभ नागर करेंगे।
- 6 सितंबर को गणपति प्रतिमा का भव्य वरघोड़ा निकाला जाएगा। यह रानी के मुख्य बाजार, गलियों और मोहल्लों से गुजरते हुए गणपति मंदिर प्रांगण में पहुंचेगा। इसके बाद प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
उत्सव को सफल बनाने में जुटे कार्यकर्ता
गणेशोत्सव मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं। मूर्ति स्थापना कार्यक्रम के दौरान भरत गांधी, पवन मेवाड़ा, विक्रांत अग्रवाल, किशोर सिंह राजपुरोहित, भंवरलाल वैष्णव, रवि बंजारा, राजवीर सिंह खींची, सुरेंद्र शर्मा, हितेश गहलोत, हितेश गांधी, ईश्वर बंजारा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।












