वन व वन्य जीवों का संरक्षण संवर्धन हमारी जिम्मेदारी -शेखावत

सादड़ी। वन व वन्य जीव हमारी राष्ट्रीय धरोहर है,इनका संरक्षण संवर्धन करना हमारी जिम्मेदारी है।इस हेतु हर नागरिक का जागरुक होना जरुरी है।वन्य प्राणी सप्ताह मनाने का यही हेतु है। उक्त उद्गार क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने स्थानीय पीएम श्री श्री धनराज बदामिया राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सादड़ी में वन्य जीव सप्ताह के तहत आयोजित संगोष्ठी में व्यक्त किए।
शेखावत ने कहा कि वन व वन्य जीव संरक्षण हेतु बने कानून की हर व्यक्ति को जानकारी होनी चाहिए। अतिरिक्त मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी विजय सिंह माली ने कहा कि वन व वन्य जीव हमारे लिए प्रकृति प्रदत्त उपहार है,इनको बचाना हमारा दायित्व है।

हर व्यक्ति प्रकृति मित्र बनकर इनका संरक्षण संवर्धन करें।इस अवसर पर भारत विकास परिषद के सचिव डॉ गिरधारी लाल देवड़ा, विजय सिंह गौड व वनपाल ईश्वर सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। संगोष्ठी की अध्यक्षता कार्यवाहक प्रधानाचार्य मधु कुमारी गोस्वामी ने की।
सरस्वती पूजन से प्रारंभ हुई इस संगोष्ठी में सर्वप्रथम अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया गया।कविता कंवर ने वन्य जीव सप्ताह की जानकारी दी। इससे पहले मनीषा ओझा, मनीषा सोलंकी व सुशीला सोनी के निर्देशन में भाषण निबंध चार्ट निर्माण व क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
जिसमें वीरम राम चौधरी रमेश सिंह राजपुरोहित व रमेश कुमार वछेटा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।मंच संचालन कन्हैयालाल ने किया।इस अवसर पर वनरक्षक सतीश कुमार, बजरंग सिंह शेखावत, गणपत नाथ,जीवन सिंह सहित वनकर्मी व गजेन्द्र सिंह समेत विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
उल्लेखनीय है कि नागरिकों में धन्य जीवों के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से 2अक्टूबर से 8अक्टूबर तक वन्य जीव सप्ताह मनाया जाता है।










