शाहपुरा में श्रीकृष्णा हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन, अब मिलेगी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा

- शाहपुरा
शाहपुरा नगर के स्वास्थ्य सेवाओं में नए युग की शुरुआत करते हुए शुक्रवार को श्रीकृष्णा हॉस्पिटल एवं लैप्रोस्कोपिक सेंटर का भव्य उद्घाटन किया गया।
यह शाहपुरा का पहला मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल है, जो पहले चित्तौड़गढ़ में स्थित था और अब शाहपुरा में स्थानांतरित होकर क्षेत्रवासियों को उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाएँ प्रदान करेगा। उद्घाटन समारोह में श्रीराम मंदिर के महंत सीताराम बाबा ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ फीता काटकर हॉस्पिटल का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शाहपुरा में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की नितांत आवश्यकता थी, जिसे यह हॉस्पिटल पूरा करेगा।
श्रीकृष्णा हॉस्पिटल में सप्ताह के सातों दिन विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएँ उपलब्ध रहेंगी। महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वाति सिंह, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक मीणा और एमडी डॉ. अशोक धाकड़ मरीजों की चिकित्सा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। इसके अलावा, अस्पताल में सोनोग्राफी और एम्बुलेंस जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे इमरजेंसी चिकित्सा सेवाओं को और भी मजबूत किया गया है।
इस शुभ अवसर पर पूर्व पालिका अध्यक्ष कन्हैया लाल धाकड़, अभिभाषक संस्था के अध्यक्ष दुर्गालाल राजोरा, सीए अशोक बोहरा, राजेंद्र बोहरा, राजेश सोलंकी, चंद्रप्रकाश बोहरा, कैलाश धाकड़, रामप्रसाद जाट, चांदमल मूंदड़ा, गणेश सुगंधी, रामदेव खरोल, रामेश्वर धाकड़ और कमलेश मुंडेतिया सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत किया और इसे शाहपुरा की जनता के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार बताया। शहरवासियों ने इस पहल का स्वागत किया और इसे शाहपुरा के स्वास्थ्य क्षेत्र में मील का पत्थर करार दिया।
READ MORE: शाहपुरा में एस.के. फाइनेंस लिमिटेड (SME) शाखा का उद्घाटन
हॉस्पिटल प्रबंधन का संकल्प -मरीजों को मिलेगा पारिवारिक माहौल
श्रीकृष्णा हॉस्पिटल के एमडी अशोक धाकड़ ने बताया कि उनका संस्थान शाहपुरा क्षेत्र की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा, हमारा प्रयास रहेगा कि हर रोगी को पारिवारिक माहौल में उपचार मिले। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई हैं। हमारा उद्देश्य शाहपुरा को स्वास्थ्य सेवाओं में आत्मनिर्भर बनाना है।
शाहपुरा में स्वास्थ्य सुविधाओं का नया अध्याय
शाहपुरा में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस हॉस्पिटल के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों को अब बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। मरीजों को गर्भवती महिलाओं की देखरेख, हड्डी रोग, जनरल मेडिसिन सहित अन्य चिकित्सा सेवाएँ स्थानीय स्तर पर ही मिलेंगी।